​उपलब्धि सरोकार : हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में लाड़लियों ने परचम लहराया

​उपलब्धि सरोकार : हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में लाड़लियों ने परचम लहराया

हायर सेकेंडरी का परीक्षा परिणाम 76.01 फीसद

⚫ दसवीं का परीक्षा परिणाम 73.42 प्रतिशत

⚫ पूरक परीक्षा का कोई प्रावधान नहीं

हरमुद्दा
भोपाल, 15 अप्रैल। मध्य प्रदेश के बोर्ड परिणाम में बेटियों का दबदबा दिखा है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने परिणाम घोषित किया। बारहवीं का 76.01 प्रतिशत परिणाम रहा है। वहीं, दसवीं का 73.42% रहा है। जिलों में झाबुआ पहले और अनूपपुर दूसरे स्थान पर रहा।  


​मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने बुधवार को कक्षा 10वीं (हाई स्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) का परीक्षा परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 11:00 बजे मुख्यमंत्री निवास स्थित 'समत्व भवन' में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिणामों की घोषणा की। इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंडल अध्यक्ष स्मिता प्रसाद, सचिव डॉक्टर संजय गोयल सहित अन्य मौजूद थे।

हाई स्कूल में 47 और हायर सेकेंडरी में 71 नकल प्रकरण

हाईस्कूल सर्टिफिकेट 2026 परीक्षा इस साल 13 फरवरी से 06 मार्च के मध्य सम्पन्न हुई थी। वहीं हायर सेकंडरी की परीक्षा 10 फरवरी से 07 मार्च 2026 के मध्य हुई थी। हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में कुल 3854 केन्द्रों पर आयोजित परीक्षा में 7,87,733 नियमित तथा 1,09,328 स्वाध्यायी परीक्षार्थी शामिल हुए थे। हायर सेकंडरी में 3636 परीक्षा केन्द्रों पर नियमित परीक्षार्थियों के रूप में 6,13,634 ने नियमित और 76,112 स्वाध्यायी परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा में हाईस्कूल के 47 और हायर सेकेंडरी के 71 नकल प्रकरण बने थे।

10वीं और 12वीं के परिणाम पर एक नजर

हाईस्कूल के 7,87,595 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी जिनके परिणाम घोषित हुए हैं। इसमें सफल रहे नियमित परीक्षार्थियों में 4,31,464 प्रथम श्रेणी में, 145772 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में एवं 1092 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार कुल 5,78,328 परीक्षार्थी परीक्षा में सफल हुए। परीक्षाफल 73.42% रहा। इस वर्ष नियमित परीक्षार्थियों में छात्राओं ने बाजी मारी। उत्तीर्ण छात्रों का परीक्षाफल 69.31% तथा छात्राओं का 77.52% रहा है। हायर सेकेंडरी के 6,13,318 नियमित परीक्षार्थियों के परिणाम भी घोषित किए। इनमें 3,67,079 परीक्षार्थी प्रथम, 99,073 द्वितीय तथा 254 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार कुल 4,66,406 परीक्षार्थी परीक्षा में सफल हुए। इनका परीक्षाफल 76.01% रहा है।

मूक, बधिर दृष्टिहीन विद्यार्थियों के परिणाम भी घोषित

मंडल ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा में सम्मिलित मानसिक विकलांग, नेत्रहीन एवं मूक बधिर (CWSN) छात्रों का परीक्षाफल भी घोषित किया गया है। इसमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 53.80% तथा छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 56.65% रहा है। इस प्रकार इस श्रेणी के 54.86% परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। इसी तरह 12वीं की परीक्षा में सम्मिलित रहे नेत्रहीन एवं मूक बधिर (CWSN) विद्यार्थियों के परिणाम भी घोषित किए गए हैं। इमसें 63.50% छात्र एवं 69.72% छात्राएं सफल रहीं। इस श्रेणी के कुल 65.84% परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए है।

बेटियों का दबदबा

हर बार की तरह इस बार भी छात्राओं ने छात्रों को पीछे छोड़ दिया है। 12वीं में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 79.41% रहा, जबकि छात्रों का 72.39% रहा।

सरकारी स्कूलों का शानदार प्रदर्शन

12वीं में सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 80.43% रहा, जो निजी स्कूलों (69.67%) की तुलना में काफी बेहतर है।

​जिलेवार प्रदर्शन

इस साल प्रदेश के कई जिलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
झाबुआ: 93.23% पास प्रतिशत के साथ शीर्ष पर रहा।
अनूपपुर: 93.04% के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

अगला कदम: 'सेकंड चांस' परीक्षा

​बोर्ड ने इस बार एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। इस वर्ष कोई 'पूरक' (Supplementary) परीक्षा नहीं होगी। इसके बजाय, जो छात्र उत्तीर्ण नहीं हो पाए हैं या अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, उन्हें 'द्वितीय मुख्य परीक्षा' (Second Main Exam) का अवसर दिया जाएगा।

​परीक्षा की तारीख: 7 मई से 25 मई, 2026 के बीच।

जनजाति जिलों मैं दिखाया कमाल

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि बेटियों ने बाजी मारी है। बेटों को पीछे किया है। जनजाति जिलों का परिणाम अच्छा आया है। मेरिट में भी छात्राएं सबसे आगे हैं। प्रदेश में 16 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। रिजल्ट पिछले 16 साल की तुलना में बेहतर रहा है। निजी स्कूलों की तुलना में सरकारी स्कूलों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। अनुसूचित जनजाति वाले जिलों ने इस बार बोर्ड परीक्षा में कमाल दिखाया है। जिनके नंबर कम है और फेल हो गए हैं उनको भी फिर से परीक्षा देने का मौका मिलेगा। ऐसे छात्र-छात्राओं को चिंता नहीं करने के लिए कहा गया है।

शीघ्र पूरा हुआ वेरिफिकेशन का कार्य स्कूल : शिक्षा मंत्री

बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि वेरिफिकेशन का कार्य शीघ्र पूरा किया गया है। गहन जांच की गई है। जिससे गलतियां न हों। परीक्षा परिणाम पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है। छात्र-छात्राओं के हितों और भविष्य का ध्यान रखा गया है। वो परेशान न हों।


वाणिज्य संकाय

नाम                   स्थान        अंक
चांदनी विश्वकर्मा   पहला      500/494
खुशी  राय           पहला     500/494
मनु शुक्ला           दूसरा     500/489
आर्ची माहेश्वरी      दूसरा     500/489
खुशबू पाटीदार     दूसरा     500/489 
श्रुति गर्ग             तीसरा     500/488
छवि अग्रवाल      तीसरा     500/488

कला संकाय 

नाम                    स्थान        अंक
श्रुति तोमर            पहला     500/489
आकाश अहिरवार  पहला    500/489
मुस्कान रावत        दूसरा    500/488
आदित्य चतुर्वेदी     दूसरा    500/488
दीप्ति रावत          तीसरा   500/487
 सानिया गु्प्ता       तीसरा     500/488
सृष्टि सिलावट       तीसरा     500/488
रोशनी पटेल        तीसरा      500/488
दीपाली सोनी       तीसरा      500/488


 विज्ञान संकाय में ये रहे टॉप फाइव में

विज्ञान संकाय (गणित समूह)
नाम                   स्थान        अंक
श्लोक प्रजापति    पहला      500/493
गौरी शर्मा           दूसरा       500/491
डॉली पुरवार       दूसरा       500/491
अर्जुन गुर्जर       दूसरा        500/491
कान्हा शर्मा        तीसरा     500/ 490
मनेंद्र केवट      तीसरा       500/490

विज्ञान संकाय (जीव विज्ञान समूह)

नाम                  स्थान        अंक
तन्वी कुमावत      पहला        500/492
कार्तिक शर्मा       दूसरा        500/490
प्रियांशी सिंह       तीसरा       500/489
अरीबा इमरान    तीसरा       500/489
स्तुति जैन          तीसरा       500/489