उपलब्धि सरोकार : रास्ता भटके नाबालिग को ढूंढ पुलिस ने परिजनों को सौंपा
⚫ राहगीर ने रोते हुए बच्चे से पूछा और पुलिस को दी सूचना
⚫ बच्चों के मिलने पर माता-पिता ने ली राहत की सांस
⚫ पुलिस कर्मियों को दिया धन्यवाद
हरमुद्दा
रतलाम, 11 जुलाई। घर से निकलकर रास्ता भटकते हुए एक नाबालिग लड़का ढोढर टोल प्लाजा के समीप जा पहुंचा। सूचना मिलने पर डायल 100 के जवानों ने खोजकर उसके परिजनों तक पहुंचाया। सब कुशल बच्चा मिलने पर माता-पिता ने राहत की सांस ली और पुलिस को धन्यवाद दिया।

मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती देर रात की है। जिले के रिंगनोद थानांतर्गत नजदीकी गांव धतरावदा निवासी गोवर्धन मईड़ा का 7 साल का पुत्र विशाल नंगे पांव घर से निकलकर महू-नीमच फोरलेन पर माननखेड़ा के निकट टोल प्लाजा से होते हुए नायरा पेट्रोल पंप के पास चला गया। घर की राह भूल जाने के कारण वह रोने लगा।

राहगीर ने पूछताछ की और पुलिस को दी सूचना
इस बीच भरत मालवीय दलौदा से अपने गांव की ओर लौट रहा था। उसने उक्त बच्चे को रोता हुआ देखा तो वह उसके पास गया और उसका नाम, पता पूछा लेकिन बच्चा कुछ बोल नहीं पाया। इसके बाद भरत ने डायल 100 पर मामले की जानकारी दी।
घर पहुंचाने का बच्चे को दिलाया भरोसा पुलिसकर्मियों ने
सूचना मिलते ही डायल सौ के जवान शोभाराम, सन्दीप भाटी, सैनिक छत्रपाल सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चे को उसके घर पहुँचाने का भरोसा दिलाते हुए, उसे चुप कराया।
सोशल मीडिया पर फोटो किया वायरल
पुलिस ने उसका फ़ोटो सोशल मीडिया पर वायरल किया। उधर, बच्चा गुम होने से परेशान परिवार वालों ने मोबाइल पर वायरल फ़ोटो देखा तो उन्होंने तुरंत दिए गए मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क कर सारी स्थिति बताई। डायल 100 के वाहन से पुलिस द्वारा बच्चे को उसके परिजनों तक सकुशल पहुंचाया गया।
माता-पिता ने ली राहत की सांस पुलिस को दिया धन्यवाद
बच्चे के लापता होने से मानसिक रूप से परेशान माता-पिता ने पुलिस की मदद से लड़का मिल जाने पर राहत की सांस लेते हुए पुलिस को धन्यवाद दिया।
Hemant Bhatt