देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधताओं को नृत्य, मूक अभिनय और गीतों के माध्यम से किया प्रस्तुत
⚫ यह हुआ सांदीपनि विद्यालय विनोबा रतलाम के वार्षिकोत्सव "वंदेमातरम" में
⚫ हिंदी अंग्रेजी संस्कृत में हुई प्रस्तुतियों ने किया अभिभूत
⚫ मिले पुरस्कार खिले चेहरे
हरमुद्दा
रतलाम, 31 दिसंबर। विद्यार्थियों ने तीनों भाषाओं अंग्रेजी, हिंदी और संस्कृत नाट्य प्रस्तुतियां की, जिनमें देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधताओं को नृत्य, मूक अभिनय और गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

यह हुआ सांदीपनि विद्यालय विनोबा रतलाम में दो दिवसीय वार्षिकोत्सव "वंदेमातरम" के तहत।
सांस्कृतिक आयोजन में यह थे अतिथि

पहले दिवस एक भारत श्रेष्ठ भारत, नई शिक्षा नीति 2020 और 21 वी सदी के कौशल पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अनिता सागर, क्षेत्रीय पार्षद द्वय देवश्री मयूर पुरोहित और आशा राजीव रावत अतिथि थे।
बेहतर परिणाम की दी शुभकामना
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सागर ने कार्यक्रम को सराहा और बेहतर परीक्षा परिणाम की शुभकामनाएं प्रेषित की।
मिले पुरस्कार खिले चेहरे

दूसरे दिवस आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ इतिहासकार डॉ. प्रदीप सिंह राव, विशेष अतिथि बी ई ओ एम एल डामोर तथा सहायक परियोजना समन्वयक अशोक लोढा रहे। इसके पूर्व अतिथियों का विद्यालय के बैंड की धुन पर स्वागत किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए पुरस्कार पाते ही विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।

जिंदगी में अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी
डॉ. राव ने अपने उद्बोधन में जीवन में अनुशासन, दृढ़ -संकल्प और आत्मविश्वास के महत्व पर विद्यार्थियों को प्रेरणा प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों की राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उपलब्धियों के साथ विद्यालय की अंतरराष्ट्रीय ख्याति को सराहा तथा परीक्षा परिणाम को भी प्रेरणादायक बताया।



शिक्षा के क्षेत्र में रतलाम का सांदीपनि स्कूल लाइट हाउस
स्मरणीय है कि सांदीपनि विद्यालय विनोबा रतलाम मध्यप्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में लाइट हाउस माना जाता है तथा गत वर्ष इस विद्यालय को नवाचार श्रेणी में विश्व के श्रेष्ठ विद्यालय का अंतराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है।
अतिथियों का किया स्वागत
प्राचार्य संध्या वोरा, शाला प्रबंधन समिति के विजय मीणा, छात्र परिषद और अन्य शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत परंपरागत ढंग से किया। विद्यालय के प्रतिवेदन का वाचन भावना रावत ने किया। संचालन हीना शाह ने किया। आभार उप-प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर ने माना।
Hemant Bhatt