पंचायत चुनाव : मावता में सरपंच पद के लिए मतदान कल
⚫ मतदान दल रवाना हुए
⚫ 1924 पुरुष और 1925 महिला मतदाता
हरमुद्दा
पिपलौदा, 21 जुलाई। तहसील की ग्राम पंचायत मावता में सरपंच संजय शर्मा के निधन से रिक्त हुए पद पर 22 जुलाई को मतदान किया जाएगा। इसके लिए तहसील कार्यालय से मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री प्रदान कर रवाना किया।

रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार देवेन्द्र दानगढ़ ने हरमुद्दा को बताया कि ग्राम में 6 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इसके लिए 8 दलों का नियोजन किया गया है। यहां कुल 3849 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 6 प्रत्याशियों में से सरपंच चुनेंगे। इनमें 1924 पुरूष तथा 1925 महिला मतदाता है। ईवीएम के माध्यम से होने वाले तहसील कार्यालय में बने स्ट्रांग रूम से मतदान दलों को सामग्री का वितरण कर निर्धारित वाहन से दलों को रवाना किया। निर्वाचन सुपरवाईजर भंवरलाल मालवीय ने बताया कि सभी मतदान दल अपने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित हो गए हैं। इसके लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती श्रद्धा त्रिवेदी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी छीतुसिंह वास्कले ने सेक्टर अधिकारी दिलीप जोशी के साथ मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था की समीक्षा कर संतोष व्यक्त किया। यहां मतदाताओं की सुविधा के लिए ग्राम पंचायत ने वर्षा ऋतु को देखते हुए वॉटर प्रुफ टेण्ट लगाए गए हैं। मतदान दलों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है।
ग्राम पंचायत मावता के मतदान केन्द्र क्रमांक 1 प्राथमिक विद्यालय भवन पूर्वी भाग में ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 1 व 2 के 412 मतदाता, मतदान केन्द्र क्रमांक 2 सेवा सहकारी संस्था पुराना भवन पर वार्ड क्रमांक 3 एवं 4 के 389 मतदाता, मतदान केन्द्र क्रमांक 3 प्राथमिक विद्यालय भवन के पश्चिमी भाग में वार्ड क्रमांक 5 से 8 तक के 682 मतदाता, मतदान केन्द्र क्रमांक 4 प्राथमिक शाला भवन के अतिरिक्त कक्ष में वार्ड क्रमांक 9 से 12 तक के 776 मतदाता, मतदान केन्द्र क्रमांक 5 कन्या प्राथमिक विद्यालय अतिरिक्त कक्ष में वार्ड क्रमांक 13 से 16 तक के 772 मतदाता, मतदान केन्द्र क्रमांक 6 सेवा सहकारी संस्था नवीन भवन में वार्ड क्रमांक 17 से 20 तक के 818 मतदाता मतदान करेंगे।
26 जुलाई को होगी मतगणना
मतदान के बाद 4 दिनों तक प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद रहेगा तथा 26 जुलाई को मतगणना के बाद विजयी उम्मीदवार को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। निर्वाचन कार्य में महेन्द्र गोयल, मनोहरसिंह मुजाल्दे, पुनीत जैन, संजय भट्ट, कन्हैयालाल राठौड़ सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
Hemant Bhatt