दर्दनाक हादसा : बेटे के साथ बाइक पर सवार स्कूल शिक्षिका सुनीता को नगर निगम के तेज रफ्तार कचरा संग्रहण वाहन ने पीछे से मारी टक्कर, उपचार के दौरान मौत

दर्दनाक हादसा : बेटे के साथ बाइक पर सवार स्कूल शिक्षिका सुनीता को नगर निगम के तेज रफ्तार कचरा संग्रहण वाहन ने पीछे से मारी टक्कर, उपचार के दौरान मौत

बेटी से मिलने जा रही थी शिक्षिका बेटे के साथ

⚫ बेटा हुआ घायल

⚫ रात को हुई एफआईआर

⚫ पति दामाद करते रेस्टोरेंट का संचालन

हरमुद्दा
रतलाम, 17 जून। नगर निगम के तेज रफ्तार कचरा संग्रहण वाहन ने बाइक सवार मां बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बेटा घायल हुआ, वहीं मां की निजी अस्पताल में मौत हो गई। औद्योगिक थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टाटानगर निवासी सुनीता शाह पति सुशील शाह (55) कल्मोड़ा के शासकीय विद्यालय में शिक्षिका के पद पर पदस्थ हैं। दोपहर बाद वह बेटे गौरव के साथ बड़ी बेटी सोनाली बेरा से मिलने लालबाग जा रही थी, तभी विरियाखेड़ी मोड पर पीछे से आए नगर निगम के तेज रफ्तार वाहन (क्रमांक एमपी 43 एल 1015) ने जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

निजी अस्पताल में चल रहा था उपचार

सुनीता के सिर में चोट आई थी। निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा था। रात को मौत हो गई। बेटे को हाथ पैर और कमर में चोट आई है। रात को घायल बेटे ने औद्योगिक पुलिस थाना क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है। शिक्षिका का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।

पति दामाद करते रेस्टोरेंट का संचालन

सुनीता का पति सुशील और दामाद बेरा बिरमावल में एक रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं वहीं बेटा गौरव प्राइवेट बैंक में कार्यरत है। मां की मौत की खबर सुनकर बेटा बदहवास हो गया।