दर्दनाक हादसा : खाई में गिरी टेम्पो-ट्रैक्स, 6 की मौत

दर्दनाक हादसा : खाई में गिरी टेम्पो-ट्रैक्स, 6 की मौत

दूल्हा-दुल्हन सहित 3 की हालत गंभीर

⚫ दूल्हे के भाई की भी हुई मौत

⚫ मृतक में एक दंपति और मां-बेटी भी शामिल

हरमुद्दा
रायसेन, 21 अप्रैल।  भोपाल-जबलपुर रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। पूरी घटना बम्होरी ढाबे के पास बंदर वाली पुलिया के पास सोमवार सुबह 6.30 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार इसमें गंभीर घायल दूल्हा दुल्हन बिहार के सुपौल से शादी करके लौट रहे थे। हादसे में एक दम्पत्ति, मां बेटी, दूल्हे का भाई और ड्राइवर की मौत हुई है। 

जानकारी के अनुसार टेम्पो ट्रैक्स (तूफान) पहले पुलिया से टकराई, इसके बाद 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे। जिनमें से 6 की मौत हो गई हे। 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिसमें दूल्हा-दुल्हन भी शामिल हैं।

झपकी लगने से हुआ हादसा

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हादसे में दो महिलाओं, एक बच्ची और तीन पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में घटना का कारण ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है।

घायलों को अस्पताल में किया भर्ती

जानकारी के अनुसार गाड़ी जबलपुर से इंदौर की ओर जा रही थी। इसमें घायलों को सुल्तानपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायसेन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे में इन्होंने गवाई जान

⚫ मोहनलाल कुरील पिता महावीर प्रसाद (68), उदयपुर, राजस्थान

⚫ चंदा देवी पति मोहनलाल (60) ,उदयपुर, राजस्थान

⚫ नरेंद्र पिता बालाराम चोपड़ा (30), इंदौर

⚫ सरिता पति रवि खोलवाल (25), चंदन नगर, इंदौर

⚫ तस्वी उर्फ चीनू पिता रवि खोलवाल (2), इंदौर

⚫ सुनील – वाहन चालक

तीन लोग हुए घायल

दुर्घटना में दीपक पिता बालाराम चोपड़ा, संगीता पति दीपक चोपड़ा (25) और रवि खोलवाल पिता भगीरथ (27) घायल हो गए हैं। घायलों में शामिल दीपक चोपड़ा दूल्हा है और संगीता दुल्हन है। दोनों परिवार बिहार के सुपौल जिले से शादी कर लौट रहे थे। घायल दूल्हा-दुल्हन और दूल्हे के जीजा को रायसेन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।