न्यायालय से फ्रिज करवाई तस्करों की संपत्ति पुलिस ने
⚫ आय का कोई वैध स्रोत नहीं था पाटीदार पिता पुत्र का
⚫ एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई
⚫ दिसंबर में गिरफ्तार किया था तस्कर पिता पुत्र को
हरमुद्दा
रतलाम, 29 अगस्त। दिसंबर 24 में गिरफ्तार किए गए तस्कर पिता पुत्र पाटीदार की संपत्ति की आय का कोई वैध स्रोत नहीं था। जांच के बाद अब तक अर्जित की गई संपत्ति को एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत सफ़ेमा न्यायालय से फ्रिज करवाई गई।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी बरखेड़ा रवींद्र दंडोतिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। अपराध क्रमांक 164/2024 में मादक पदार्थ अफीम की जब्ती के संबंध में मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (NDPS Act) की धारा 68-एफ(1) के तहत आरोपी मोहनलाल पिता नंदराम पाटीदार तथा उसके पुत्र रंगलाल की संपत्तियों सफ़ेमा के तहत फ्रीज करने के आदेश जारी किया गया है।
दिसंबर में गिरफ्तार किया था पिता पुत्र को
मोहनलाल पाटीदार एवं उसके पुत्र रंगलाल को 10 दिसंबर 2024 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8, 18 एवं 29 के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपियों द्वारा अर्जित संपत्तियां मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई हैं तथा इनकी आय का कोई वैध स्रोत उपलब्ध नहीं है।
यह सभी संपत्तियां हुई फ्रिज
जांच अधिकारी द्वारा कारणों को दर्ज करने के उपरांत फ्रीजिंग आदेश जारी करवाने के लिए वैधानिक कारवाई की गई। पुलिस के प्रतिवेदन के आधार पर सफेमा कोर्ट द्वारा निम्नलिखित संपत्तियों को अटैच किए जाने के आदेश जारी किए गए हैं।
⚫ मोहनलाल पाटीदार की सर्वे नं. 1748 की भूमि, क्षेत्रफल 0.28 हेक्टेयर, ग्राम कराडिया, थाना बरखेड़ा कला, तहसील आलोट, जिला रतलाम (म.प्र.) कीमत 3,00,000/- रुपए।
⚫ रंगलाल पाटीदार की सर्वे नं. 1748/1 की भूमि, क्षेत्रफल 0.56 हेक्टेयर, ग्राम कराडिया, थाना बरखेड़ा कैया, तहसील आलोट, जिला रतलाम (म.प्र.) कीमत 6,00,000 रुपए।
⚫ कुल अटैच की गई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 9,00,000 रुपए।
ऐसा इसलिए किया
यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अध्याय V-A के प्रावधानों के अंतर्गत की गई है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि अवैध मादक पदार्थ व्यापार से अर्जित संपत्तियों का उपयोग पुनः अपराधों में न किया जा सके। जिला रतलाम पुलिस मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं इससे अर्जित अवैध संपत्ति के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई करती रहेगी। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
Hemant Bhatt