पुलिस को सफलता : दिन दहाडे चोरी करने वाले अन्तरराज्यीय गिरोह के दो कुख्यात 10 घंटे के भीतर ही पुलिस की गिरफ्त में
⚫ आरोपियों के कब्जे से मिले चोरी किए गए आभूषण
⚫ चोरी में प्रयुक्त औजार और कार भी बरामद
⚫ वारदात के बाद बदल लेते थे हुलिया
हरमुद्दा
रतलाम, 28 जनवरी। मंगलवार को नामली में हुई चोरी के आरोपियों को पुलिस ने महज 10 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी मेरठ उत्तर प्रदेश के कुख्यात आपराधिक रिकार्ड वाले हैं। इनके कब्जे से चोरी किया गया माल सहित चोरी में प्रयुक्त औजार और कार जब्त की है। अंतर राज्यीय गिरोह के आरोपियों से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। विभिन्न राज्यों की पुलिस इनको तलाश कर रही थी।

पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार
पुलिस कंट्रोल रूम पर हुई पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 27 जनवरी मंगलवार को दोपहर में नामली थाना क्षेत्र के फरियादी सुरेश पिता प्रहलाद धाकड़ द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह प्रातः लगभग 11 बजे घर पर ताला लगाकर खेत चला गया था। शाम करीब 05 बजे वापस लौटने पर घर का मुख्य ताला टूटा मिला। अंदर गोदरेज का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नामली में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 27/2026, धारा 303(2), 331(3) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पत्रकार वार्ता में अनुभाग्य अधिकारी किशोर पाटनवाला एवं नामली थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी सहित अन्य मौजूद रहे।
गठित टीम की कार्रवाई रंग लाई
घटना की गंभीरता के मद्देनजर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नामली निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया गया, जिसमें एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया।
पुलिस को करता रहा गुमराह
पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को पीछा शुरू किया। वाहन बड़नगर होते हुए उज्जैन की ओर जाता दिखा। आरोपी हाईवे पर ब्रिज के नीचे वाहन उतार–चढ़ाकर तथा बार-बार रास्ते बदलकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। लगभग 300 किलोमीटर तक लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम उज्जैन से पुनः बड़नगर, बदनावर हाईवे होते हुए रतलाम पहुंची। अंततः नामली स्थित 8-लाइन रोड के पास ग्राम बारह पत्थर पर पुलिस टीम द्वारा आगे–पीछे से घेराबंदी कर आरोपियों को रोका गया।
इनको किया गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के महज 10 घंटे के भीतर दो शातिर अंतरराज्यीय आरोपियों को मय कार गिरफ्तार किया।
⚫ इरफान पिता मुन्नु सैफी, उम्र 38 वर्ष निवासी – मकान नं. 1280, गली नं. 02, जाकिर हुसैन कॉलोनी, मेरठ (उत्तर प्रदेश)
⚫ आमिर पिता तस्लीम पठान, (38) निवासी – मकान नं. 3037, जाकिर कॉलोनी, इकबाल नगर, मेरठ (उत्तर प्रदेश) आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक DL8CAU7936 जब्त की गई तथा चोरी गया माल बरामद किया गया।
यह मिला आरोपियों के कब्जे से

⚫ सोने का मंगलसूत्र (लगभग 5.5 ग्राम) – ₹85,000/-।
⚫ सोने की अंगूठी (01 ग्राम) – ₹16,000/-।
⚫ सोने के 18 मोती (05 ग्राम) – ₹80,000/-।
⚫ चांदी की पायजेब (100 ग्राम) – ₹36,000/-।
⚫ चांदी की 06 बिछुड़ी (15 ग्राम) – ₹5,400/-।
⚫ ताला तोड़ने के लोहे के 02 औजार।
⚫ घटना में प्रयुक्त कार – ₹3,00,000/-।
वारदात के बाद बदल लेते थे हुलिया
आरोपी हाईवे के आसपास स्थित सूने मकानों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद कार से तुरंत फरार हो जाते थे।
आरोपी इरफान सिर मुंडा होने के कारण चोरी के समय विग (नकली बाल) लगाकर वारदात करता था। आरोपियों के वाहन से अलग-अलग कपड़े व चश्मे बरामद हुए, जिनसे वे वारदात के बाद हुलिया बदल लेते थे।
आपराधिक रिकॉर्ड
सीसीटीएनएस रतलाम टीम की मदद से जांच में सामने आया कि आरोपी अत्यंत शातिर अपराधी हैं। आमिर के विरुद्ध हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एवं एंटी सोशल एक्टिविटी सहित कुल 10 गंभीर अपराध तथा इरफान के विरुद्ध चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एवं एंटी सोशल एक्टिविटी सहित कुल 11 अपराध जो उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं उत्तराखंड में पंजीबद्ध हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपियों को पकड़ने में नामली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनी, उप निरीक्षक कन्हैया अवस्थी, सहायक उप निरीक्षक प्रदीप शर्मा, हीरालाल चंदन, नारायणसिंह, प्रधान आरक्षक दिलीप रावत, आरक्षक माखनसिंह, रविन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Hemant Bhatt