अवैध हथियार रखने के मामले में तीन आरोपियों को सजा
⚫ ब्रिज के नीचे घेराबंदी कर पकड़े गए थे आरोपी
⚫ तलाशी में कट्टा-कारतूस, तलवार व चाकू हुए थे बरामद
हरमुद्दा
रतलाम, 28 नवंबर। अवैध कट्टा, कारतूस, तलवार और खटकेदार चाकू रखने के मामले में सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव के न्यायालय ने आर्म्स एक्ट के तहत तीन आरोपियों को दोषसिद्ध करते हुए कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। वहीं, मामले से जुड़े चार अन्य आरोपियों को न्यायालय ने दोषमुक्त कर दिया है।

किस आरोपी को कितनी सजा
न्यायालय ने आरोपी कमलकिशोर पिता गोरधन मालवीय (25) निवासी टैंकर रोड, नयागांव (रतलाम) को दो वर्ष के कारावास से दंडित किया है। इसके अलावा प्रदीप पिता मांगीलाल दामोदर (26) निवासी नयागांव-राजगढ़ (रतलाम) और प्रवेश पिता सुरेश वर्मा कुमावत (25) निवासी गणेश नगर, नयागांव (रतलाम) को एक-एक वर्ष के कारावास व अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।
घटला ब्रिज के नीचे घेराबंदी कर पकड़े गए थे आरोपी
अपर लोक अभियोजक एवं शासकीय अधिवक्ता समरथ पाटीदार ने बताया कि 2 अगस्त 2021 को थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम के तत्कालीन थाना प्रभारी ओ.पी. सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घटला ब्रिज के नीचे हाईवे रोड पर कुछ व्यक्ति घातक हथियारों से लैस होकर लूट एवं डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर मौके पर घेराबंदी की और पांच व्यक्तियों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे थे।
तलाशी में कट्टा-कारतूस, तलवार व चाकू हुए थे बरामद
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की तलाशी ली तो कमलकिशोर के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस, प्रवेश वर्मा से धारदार तलवार और प्रदीप से खटकेदार चाकू बरामद हुआ था। अन्य आरोपियों के पास से लाठी व प्लास्टिक का पाइप मिला था। पुलिस ने मौके से एक लोडिंग वाहन और मोटरसाइकिल भी जब्त की थी।
तीन दोषी करार, चार आरोपियों को मिला लाभ
विवेचना पूर्ण होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया। साक्ष्यों के परीक्षण के बाद न्यायालय ने पाया कि कमलकिशोर, प्रवेश और प्रदीप के पास अवैध हथियार मिले थे और उन्हें हथियार रखने का कोई वैधानिक अधिकार प्राप्त नहीं था। इसी आधार पर तीनों को सजा सुनाई गई। वहीं, आरोपी अन्ना पिता कमलेश उर्फ अम्बू साठिया (45) निवासी मेघनगर (जिला झाबुआ), कालू पिता कमलेश उर्फ अम्बू साठिया (25) निवासी महिला चिकित्सालय के पास (रतलाम), पंकज पिता सुरेश वर्मा कुमावत (25) निवासी गणेश नगर, नयागांव (रतलाम) और चिराग पिता महेंद्र पटेल (25) निवासी त्रिलोक नगर (रतलाम) को दोषमुक्त कर दिया गया।
Hemant Bhatt