सामाजिक सरोकार : शहर का पहला "ग्राहक पंचायत कंज्यूमर क्लब" स्थापित होगा रॉयल कॉलेज में
⚫ रॉयल कॉलेज में हुआ अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का जागरूकता कार्यक्रम
⚫ विद्यार्थियों को ग्राहकों के अधिकारों और उनकी शक्तियों से परिचित कराया नेहा ताई ने
हरमुद्दा
रतलाम, 12 दिसंबर। 'रॉयल इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज' मेंअखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा ग्राहक जागरण का एक प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यह घोषणा भी की गई कि शीघ्र ही महाविद्यालय में रतलाम शहर का पहला "ग्राहक पंचायत कंज्यूमर क्लब" स्थापित किया जाएगा, जो विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार ग्राहक बनाने की दिशा में कार्य करेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय सह सचिव नेहा ताई जोशी, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के मालवा प्रांत उपाध्यक्ष अनुराग लोखंडे, संतोष जोशी एवं रॉयल महाविद्यालय (शिक्षा विभाग) की प्राचार्या डॉ. रविंद्रजीत कौर अरोरा भी मंचासीन रहीं।

सशक्त रूप से उठाते हैं आवाज ग्राहकों की
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय सह सचिव नेहा ताई जोशी ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को ग्राहकों के अधिकारों और उनकी शक्तियों से प्रभावी रूप से परिचित करवाया। श्रीमती जोशी ने बताया कि अपने स्थापना वर्ष 1974 से ही ग्राहक पंचायत सशक्त रूप से ग्राहकों की आवाज उठाती आ रही है। देश में 'ग्राहक संरक्षण कानून' सर्वप्रथम 1986 में बनाया गया था, जिसे 2019 में और अधिक सशक्त किया गया। यह केंद्र सरकार द्वारा ग्राहक पंचायत की मांग पर ही संभव हुआ है, जिसके फलस्वरूप आज भ्रामक विज्ञापनों पर कानूनी कार्रवाई आसान हो गई है। उन्होंने बताया कि ग्राहक पंचायत के प्रयासों से ही सरकार द्वारा ऑनलाइन सट्टा ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया गया है और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी नियम लागू किए गए हैं।
दिया संगठन का परिचय
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के मालवा प्रांत उपाध्यक्ष अनुराग लोखंडे ने संगठन का परिचय दिया। महाविद्यालय में 'कंज्यूमर क्लब' के अंतर्गत की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। श्री लोखंडे ने रतलाम जिले व मालवांचल में विगत वर्षों में संस्था द्वारा ग्राहक हित में अर्जित की गई उपलब्धियों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
यह थे मौजूद
जागरूकता कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. चंदाकला दवे, डॉ. अमित शर्मा, प्रो. कपिल केरोल, प्रो. मृदुला उपाध्याय, प्रो. गजराज सिंह राठौर, प्रो. ममता यादव, प्रो. समीक्षा मेहरा, प्रो. कविता गर्ग, प्रो. अल्का उपाध्याय, प्रो. नैनसी धीमन, प्रो. पूजा पाटीदार, प्रो. मिताली पुरोहित, प्रो. गरिमा मिश्रा, प्रो. आंचल नागल, प्रो. यक्षेन्द्र हरोड़ एवं प्रो. संजय धाकड़ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. संदीप सिद्ध ने किया।
Hemant Bhatt