ऐसा कृत्य : भाजपा नेता ने की छेड़खानी अखबार के दफ्तर में काम करने वाली युवती के साथ

ऐसा कृत्य : भाजपा नेता ने की छेड़खानी अखबार के दफ्तर में काम करने वाली युवती के साथ

घटना के मामले ने पकड़ा तूल

⚫ भाजपा ने किया नेता को निष्कासित

⚫ मामला नहीं पहुंचा पुलिस तक

हरमुद्दा
सीधी, 20 अप्रैल। जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ने अखबार के दफ्तर में काम करने वाली युवती के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि उपाध्यक्ष ने सुरेश सिंह ने पानी मांगने के बहाने युवती से छेड़छाड़ की। मामला अभी पुलिस तक नहीं पहुंचा है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह तेजी से फैल रहा है। लोग इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं। भाजपा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरेश सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।


यह घटना तब हुई जब बीजेपी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी एक स्थानीय समाचार पत्र के दफ्तर में गए थे। वहां उन्होंने एक युवती से पानी मांगा। आरोप है कि जब युवती पानी लेकर आई तो उन्होंने उसका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने की कोशिश की। लड़की डर के मारे कंप्यूटर कक्ष में भाग गई।

विधायक से शिकायत

सूत्रों के अनुसार घटना के बाद डरी हुई युवती सीधी शहर में ही एक भाजपा कार्यक्रम में पहुंची। वहां उसने विधायक रीती पाठक को रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई। विधायक ने उसे ढाढस बंधाया और मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने लड़की को भाजपा अध्यक्ष के पास भेज दिया। लड़की अभी भी डरी हुई है और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

भाजपा नेत्री ने जताया दुख

भाजपा नेत्री नीलम पाण्डेय ने भी सोशल मीडिया पर इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि आजकल जो हो रहा है, वह अत्यंत शर्मनाक है और उससे भी शर्मनाक जिम्मेदारों की चुप्पी। अब तो अति हो रही है कार्यालय जाने में भय लगता है। उनकी इस पोस्ट पर कांग्रेस के नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा में नेत्री ही सुरक्षित नहीं हैं तो भाजपा महिलाओं के उत्थान की बात कैसे कर सकती है।

अबला के शील पर आघात का प्रयास

पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला ने भी इस मामले पर तंज कसते हुए कहा कि प्रेस, न्यायालय, जन प्रतिनिधि, शासन, प्रशासन का संरक्षण किसी को अभय प्रदान करते हैं। सुना है कि प्रेस में घुसकर किसी अबला के शील पर आघात का प्रयास हुआ।

पार्टी से तत्काल निष्कासित

मामले को बढ़ता देख सीधी जिला अध्यक्ष ने इसकी जानकारी प्रदेश कार्यालय को दी। प्रदेश कार्यालय ने इस मामले को गंभीरता से लिया। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सुरेश सिंह को पार्टी से तत्काल निष्कासित कर दिया। भगवान दास सबनानी, प्रदेश महामंत्री ने इस संबंध में एक पत्र जारी किया। पत्र में कहा गया है कि सुरेश सिंह द्वारा किया गया कृत्य अशोभनीय है। इससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है।