रतलाम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लाख की क्रेटा कार से पौन करोड़ से अधिक के नोट बरामद
⚫ मुखबिर की सूचना पर नाकेबंदी कर दबोचा
⚫ क्या रकम किसी अवैध कारोबार या हवाला से जुड़ी
हरमुद्दा
रतलाम, 29 अगस्त। जिले के नामली थाना क्षेत्र में पुलिस को शनिवार शाम एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस के हाथ एक बड़ा हवाला या संदिग्ध नकदी का मामला लगा है। पुलिस ने एक बिना नंबर की संदिग्ध हुंडई क्रेटा कार को जब्त कर उससे 75 लाख रुपये से अधिक (पौन करोड़) की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
मादक पदार्थ की खबर पर लगी थी नाकेबंदी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6 बजे नामली थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक अज्ञात कार चालक भारी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी कर क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई और पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए क्षेत्र में सख्त नाकेबंदी कर दी।
कार रोककर ली तलाशी तो उड़े होश
चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर एक बिना नंबर की क्रेटा कार पर पड़ी। कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। कार में मादक पदार्थ के बजाय भारतीय करेंसी के नोटों के बड़े-बड़े बंडल भरे पड़े थे। 20 लाख रुपये मूल्य की इस लग्जरी कार में पौन करोड़ रुपये से भी अधिक की नकदी रखी हुई थी।
आला अधिकारी पहुंचे मौके पर, जांच शुरू
कार से भारी मात्रा में संदिग्ध नकदी बरामद होने की खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल कार और बरामद नकदी को अपनी कस्टडी में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी अनुसार पुलिस ने बताया कि पिपलोदा का एक युवक जमीन बेचकर रतलाम आया था और रुपए लेकर जा रहा था पुलिस उसे विस्तृत पूछताछ कर रही है।
संभावनाओं से जांच
नकदी किसकी है, इसे कहां ले जाया जा रहा था और क्या यह रकम किसी अवैध कारोबार या हवाला से जुड़ी है—इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही आयकर विभाग (Income Tax) और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी इस जब्ती की सूचना दे दी गई है।
Hemant Bhatt