खेल सरोकार : जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन ने मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस

खेल सरोकार : जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन ने मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस

भारतीय हॉकी के जादूगर और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद को किया याद

⚫ शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय खेल मैदान में आयोजन 

हरमुद्दा
​रतलाम, 29 अगस्त। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के खेल परिसर में रतलाम जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा भारतीय हॉकी के जादूगर और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में अत्यंत श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अपनी निष्ठा व खेल कौशल के बल पर मेजर के पद तक पहुंचे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश पुरोहित ने कहा कि मेजर ध्यानचंद न केवल एक महान खिलाड़ी थे, बल्कि एक सच्चे देशभक्त भी थे। उन्होंने अपनी राष्ट्रभक्ति का अनुपम परिचय देते हुए जर्मनी के तानाशाह हिटलर द्वारा दिए गए प्रलोभन को भी बेझिझक ठुकरा दिया था। वह मात्र 16 वर्ष की आयु में भारतीय सेना में शामिल हुए थे और अपनी निष्ठा व खेल कौशल के बल पर मेजर के पद तक पहुंचे।

आज भी खेल जगत के लिए एक अद्वितीय मिसाल

मध्यप्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमानत खान ने मेजर ध्यानचंद की ऐतिहासिक खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने अपनी अद्भुत हॉकी कला के दम पर भारत को 1928 (एम्स्टर्डम), 1932 (लॉस एंजिल्स) और 1936 (बर्लिन) ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक दिलाया। अपने खेल जीवन में उन्होंने 1,000 से अधिक गोल दागे, जो आज भी खेल जगत के लिए एक अद्वितीय मिसाल है।

योगदान का किया स्मरण

इस दौरान तरुण पुरोहित एवं मोहम्मद अनवर ने भी मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनके योगदान का स्मरण करते हुए अपने विचार व्यक्त किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन में स्थानीय खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।