रक्षा सूत्र ने दिया पवित्रता, सद्भावना और श्रेष्ठ संकल्पों का संदेश
⚫ प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में आध्यात्मिक वातावरण में मनाया रक्षाबंधन उत्सव
⚫ आत्मा को परमात्मा से जोड़ने और अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाने का अवसर है रक्षा बंधन : बीके सविता दीदी
हरमुद्दा
रतलाम, 29 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय रतलाम के दिव्य दर्शन भवन, डोंगरे नगर सेवा केंद्र में रक्षाबंधन का पावन पर्व हर्षोल्लास, प्रेम एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परमात्मा पिता को भोग अर्पित कर माउंट आबू मुख्यालय से आई पवित्र राखी के माध्यम से परमात्मा रक्षा सूत्र बांधकर किया गया।

आत्मा को परमात्मा से जोड़ने और अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाने का अवसर है रक्षा बंधन
सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि यह आत्मा को परमात्मा से जोड़ने और अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाने का अवसर है। रक्षा सूत्र हमें स्मरण कराता है कि हमें अपने विचारों, संस्कारों और कर्मों की पवित्रता की रक्षा करनी है। जब मनुष्य अपने अंदर की कमजोरियों पर विजय प्राप्त कर सकारात्मकता, प्रेम, शांति और सत्यता को जीवन में धारण करता है, तभी वास्तविक सुरक्षा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि परमात्मा से प्राप्त आत्मिक शक्ति हमें क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार जैसी कमजोरियों से दूर रहकर श्रेष्ठ जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
परमात्मा रक्षा सूत्र बांधा।

रक्षाबंधन के अवसर पर शहर के विभिन्न गणमान्य नागरिकों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के निवास तथा संस्थानों पर पहुंचकर उन्हें भी परमात्मा रक्षा सूत्र बांधा गया। इस दौरान सूक्ष्म, मध्यम एवं लघु उद्योग मंत्री चेतन्य काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर राधा महंत, मुख्य रेल मंडल प्रबंधक अश्विनी कुमार, अतिरिक्त मुख्य रेल मंडल प्रबंधक (ADRM) के.एल. मीणा, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल व उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, मध्य प्रदेश की महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रतलाम यास्मीन शैरानी, परम पूज्य गुरुदेव निर्वाणी अखाडा पीठाधीश्वर, आचार्य, महामंडलेश्वर बीकानेर राजगुरु स्वामी श्री श्री 1008 श्री विशोकानंद भारती जी महाराज, अखंड आश्रम के स्वामी स्वरूपानंद जी 108, सिख समाज के प्रमुख ज्ञानी जी, मुस्लिम समाज के शहर काजी, मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संध्या बेलसेरे, उद्योगपति मदनलाल कटारिया, उद्योगपति निलेश झालानी, उद्योगपति अनोखीलाल कटारिया, गुस्ताद अंकलेसरिया, निलेश झालानी, राजेश जैन एवं राजेश पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की आध्यात्मिक शुभकामनाएं दी गईं।
भाईचारे को अपनाने का दिया संदेश
इस दौरान सभी को परमात्मा रक्षा सूत्र के माध्यम से जीवन में पवित्रता, सकारात्मक सोच, श्रेष्ठ कर्म एवं आपसी भाईचारे को अपनाने का संदेश दिया गया। रक्षाबंधन का यह पर्व सामाजिक सद्भाव, आत्मिक प्रेम और मानवता की भावना को मजबूत करने वाला अवसर बना। कार्यक्रम का वातावरण प्रेम, शांति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर रक्षाबंधन को केवल एक पारंपरिक पर्व के रूप में नहीं, बल्कि आत्म-सुरक्षा, आत्मिक शक्ति, पवित्रता और विश्व बंधुत्व के संकल्प के रूप में मनाया गया
Hemant Bhatt