प्रशासन की संवेदनशीलता : ट्राई साइकिल मिलते ही रोहित के चेहरे पर आई मुस्कान
⚫ अलकापुरी शिविर में 25 मिनट में मिली दिव्यांग को ट्राई साइकिल
⚫ प्रशासनिक संवेदनशीलता के कारण कई आवेदकों को हाथों-हाथ मिली राहत
राकेश पोरवाल
रतलाम, 29 अगस्त। 'मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान' के तहत शनिवार को अलकापुरी में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की मिसाल देखने को मिली। कलेक्टर अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में प्रशासनिक संवेदनशीलता के कारण कई आवेदकों को हाथों-हाथ राहत मिली।

शिविर के दौरान टैगोर कॉलोनी निवासी दिव्यांग रोहित सहायता की उम्मीद लेकर पहुंचे। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम तरुण जैन ने तुरंत एक्शन लिया। सामाजिक न्याय विभाग के समन्वय से महज 25 मिनट के भीतर दिव्यांग रोहित को ट्राई साइकिल उपलब्ध करा दी गई, जिसे पाकर वे चेहरे पर मुस्कान लिए रवाना हुए।
95 साल की वृद्धा की हुई सुनवाई
इसी प्रकार, ग्राम गोदी शंकर से आई 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला की समस्या पर भी जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की।
अधिकारियों ने मौके पर सुनीं शिकायतें

⚫ चिकित्सा संबंधी मामले: मेडिकल कॉलेज से जुड़ी समस्याओं को डीन डॉ. अनीता मुथा एवं गोविंद काकानी ने गंभीरता से सुना और आवश्यक निर्देश दिए।
⚫ पुलिस एवं सुरक्षा: डीआईजी निमिष कुमार और एसपी अमित कुमार ने पुलिस से संबंधित मामलों में मौके पर ही त्वरित न्याय दिलाया।
⚫ नगर निगम व स्थानीय निकाय: नगर निगम आयुक्त अनिल भाना ने शहरी सुविधाओं और निगम से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया।
जनसंवाद के लिए पैदल गश्त करेंगे एसपी
सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाने के लिए एसपी अमित कुमार ने घोषणा की कि वे शनिवार से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल घूमकर आम नागरिकों से सीधा संवाद (जनसंवाद) स्थापित करेंगे।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में उद्योग विभाग, नगर निगम, हाउसिंग बोर्ड और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिससे विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों का एक ही स्थान पर निपटारा संभव हो सका।
Hemant Bhatt