दर्दनाक हादसा : रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, बहन तो आई मगर सुनी रह गई कलाई

दर्दनाक हादसा : रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, बहन तो आई मगर सुनी रह गई कलाई

रतलाम में दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत, 

⚫ कुछ माह बाद बनने वाला था पिता

हरमुद्दा
रतलाम, 29 अगस्त। ​शहर में रक्षाबंधन के त्योहारी माहौल के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियों को छीन लिया। सैलाना यार्ड टर्न के पास एक अन्य मोटरसाइकिल की टक्कर से बाइक सवार युवक रणबीर गोमे की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दोस्त अरविंद कोली गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक मौके से फरार हो गया।


​मृतक के पिता स्व. गोविंद गोमे मूल रूप से अजमेर के रहने वाले थे और रेलवे में नौकरी करते थे। उनके निधन के बाद परिवार करीब ढाई दशक पहले रतलाम आकर बस गया था। गुरुवार रात ही रणबीर की बहन चांदनी इंदौर से रक्षाबंधन मनाने रतलाम आई थीं, जिससे घर में उत्सव और खुशी का माहौल था। इसी दौरान रणबीर अपने दोस्त अरविंद के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाजार की ओर जा रहे थे।

परीक्षण के उपरांत की मृत घोषित

सैलाना यार्ड टर्न पर सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रणबीर के सिर में गंभीर चोट आई और अरविंद का पैर फ्रैक्चर हो गया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत रणबीर को मृत घोषित कर दिया।

हादसे ने झकझोर दिया परिवार को

इस अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। छह साल पहले प्रतिभा के साथ रणबीर का विवाह हुआ था और वह कुछ ही महीनों बाद पिता बनने वाले थे। घर में बहन के आने और नए मेहमान के आने की उम्मीदों के बीच आई इस मनहूस खबर ने सबको स्तब्ध कर दिया है। परिवार में बहन, पत्नी, मां और भाई राहुल का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।