एक ही परिवार के 10 दोषियों को तिहरा आजीवन कारावास

एक ही परिवार के 10 दोषियों को तिहरा आजीवन कारावास

⚫ जमीन विवाद में तिहरे हत्याकांड का फैसला

⚫ ​अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश निर्मल मंडोरिया की अदालत ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला

⚫​ साल 2020 में रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम नायन में तलवार और लट्ठ से हमला कर तीन लोगों की कर दी गई थी निर्मम हत्या

⚫​ प्रत्येक दोषी पर 6-6 हजार रुपये का अर्थदंड भी 

हरमुद्दा
​रतलाम, 29 नवंबर। शासकीय जमीन पर कब्जे के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की तलवारों से काटकर निर्मम हत्या करने के सनसनीखेज मामले में न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी 10 अभियुक्तों को तिहरे (ट्रिपल) आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश निर्मल मंडोरिया की अदालत ने यह महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। कोर्ट ने सभी 10 दोषियों को हत्या (धारा 302 भादवि) के आरोप में तिहरे सश्रम आजीवन कारावास व 4-4 हजार रुपये अर्थदंड, तथा हत्या के प्रयास (धारा 307 भादवि) के आरोप में प्रत्येक को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास व 2-2 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

​क्या था पूरा मामला?

​उप-निदेशक अभियोजन आशा शाक्यवार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना 5 जून 2020 की है। रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंदीपाड़ा (नायन) निवासी फरियादिया कु. सीता कटारा के पिता मोहन कटारा की कृषि भूमि के पास स्थित शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर गांव के ही नगला भाभर व उसके परिवार से विवाद चल रहा था।

​घटना वाले दिन पुलिस, पटवारी पूजा कसारा और सरपंच की मौजूदगी में जमीन का मौका मुआयना किया गया था। समझाइश के बाद पटवारी ने दोनों पक्षों को ग्राम नायन के पंचायत भवन में पंचनामा पर हस्ताक्षर करने के लिए बुलाया। दोपहर करीब 1:15 बजे जब सीता अपने पिता मोहन, बड़े पापा रावजी, काका गुलाब और भाइयों शंकर व मगन के साथ पैदल पंचायत भवन की ओर जा रही थीं, तभी रास्ते में आरोपियों ने एकमत होकर उन पर घातक हमला कर दिया।

​खेतों में दौड़ा-दौड़ा कर तलवारों से काटा

​आरोपियों ने पहले फरियादिया के पिता मोहन पर तलवार और बड़े पापा रावजी पर लट्ठ से जानलेवा हमला किया। दहशत के मारे सीता के भाई शंकर, मगन और काका गुलाब जान बचाने के लिए खेतों की ओर भागे, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया। आरोपियों ने खेत में तीनों को घेर कर पकड़ लिया और गले व छाती पर तलवार से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से रतलाम सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​इन्हें सुनाई गई सजा

​अदालत ने ग्राम गुंदीपाड़ा (नायन), थाना रावटी निवासी 10 अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है।

⚫  लक्ष्मण पिता नगला भाभर भील (47 वर्ष)

⚫​ कांतिलाल उर्फ कांतु पिता माधु भाभर भील (30 वर्ष)

⚫​ बापु पिता नगला भाभर भील (35 वर्ष)

⚫​ सेतु पिता भुरजी भाभर भील (35 वर्ष)

⚫ देवला पिता राधु भाभर भील (35 वर्ष)

⚫ शंभु पिता वरसिंह भाभर भील (32 वर्ष)

⚫​ बाबु पिता रामजी भाभर भील (58 वर्ष)

⚫​ नेपु उर्फ मांगु पिता बाबु भाभर भील (30 वर्ष)

⚫​ शंभु पिता देवा भाभर भील (30 वर्ष)

⚫ ​गबरु उर्फ गवरसिंह पिता माधु भाभर (24 वर्ष)

​5 साल से अधिक पुराने जघन्य मामले में मिली सफलता

​रावटी पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड की विवेचना कर सभी आवश्यक साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत किए थे। पांच वर्ष से अधिक पुराने इस चिन्हित, जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक गोल्डन राय ने सशक्त पैरवी की। कोर्ट ने मौखिक, दस्तावेजी और चिकित्सकीय साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों को दोषी मानते हुए यह कठोर सजा सुनाई।