उपलब्धि सरोकार : त्रिवेदी स्कूल से उप संचालक तक, सैलाना की विनीता लोढ़ा की सफलता की उड़ान
वीरेंद्र त्रिवेदी
रतलाम/सैलाना, 13 जुलाई। नगर की बेटी विनीता लोढ़ा पदोन्नत हो कर अब महिला बाल विकास विभाग में उप संचालक हो गई हैं। वे इन दिनों विदिशा में पदस्थ हैं। पदोन्नति के बाद भी उनकी कर्मस्थली विदिशा ही रहेगी।

उल्लेखनीय हैं कि विनीता की प्राथमिक शिक्षा सैलाना के सबसे पुराने त्रिवेदी स्कूल में ही हुई थी। बाद में वे सैलाना के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हायर सेकेंडरी तक अध्ययनरत रही।बाद में विनिता ने समाज शास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि हासिल की।
अलग ही छाप छोड़ती थी अपनी प्रतिभा से विनीता
भाषण कला में माहिर विनीता की प्रतिभा बचपन से ही निखरने लगी थी। वे हमेशा ही अपनी कक्षा में अपनी प्रतिभा की अलग ही छाप छोड़ती थी। सैलाना महाविद्यालय के समाज शास्त्र के सेवा निवृत प्राध्यापक डॉक्टर हरिकृष्ण बड़ोदिया कहते हैं कि शुरू से ही ऐसा लगता था कि विनीता ऊंची सफलता हासिल करेगी। एम पी पी एस सी की परीक्षा 1999 में उत्तीर्ण कर विनीता महिला बाल विकास विभाग की प्रशासकीय सेवा में आई थी। वे कुछ बरस रतलाम में भी रही।उनकी उत्कृष्ट सेवा की बदौलत रतलाम में उनके पास जिला पंचायत की अतिरिक्त मुख्य कार्य पालन अधिकारी का भी दायित्व रहा।
जिला पंचायत में एसीईओ का भी पद संभाला
वे विदिशा से रतलाम आई थी और रतलाम से फिर विदिशा स्थानांतरित हो गई। उनके पति विदिशा में रेलवे में पदस्थ हैं। हाल ही में विभाग ने विनीता को सहायक संचालक पद से पदोन्नत कर विदिशा में ही उप संचालक बना दिया। इस उच्च पद का पदभार ग्रहण कर लिया। विनिता अपनी सफलता का श्रेय अपनी प्राथमिक शाला त्रिवेदी स्कूल को देती हैं।
Hemant Bhatt