हादसा : आधी रात को गोली लगने से 12 वर्षीय विद्यार्थी इब्राहिम की हुई मौत, खून में लथपथ मिला बालकनी में

हादसा : आधी रात को गोली लगने से 12 वर्षीय विद्यार्थी इब्राहिम की हुई मौत, खून में लथपथ मिला बालकनी में

क्षेत्र में फैला सन्नाटा

⚫ अस्पताल में उपचार के दौरान

⚫ पिता का है बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय

हरमुद्दा
भोपाल, 31 जनवरी। भोपाल के पुराने शहर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा हो गया। जेपी नगर में रहने वाले एक मासूम छात्र की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। घायल अवस्था में उसे घर की बालकनी में खून से लथपथ पाया गया था। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान शनिवार को मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले को समझ रही है। हर एंगल से जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय इब्राहिम उर्फ अब्दुल्ला, पिता रिजवान लाला, अपने परिवार के साथ जेपी नगर में रहता था। रिजवान बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का काम करते हैं। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब पौने दो बजे घर में कुछ बाहरी लोगों का आना-जाना भी हुआ था। रात करीब दो बजे के आसपास परिवार के लोगों ने बच्चे को घर की बालकनी में अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उसके सिर से खून बह रहा था और आसपास भी खून फैला हुआ था। 

घबराए परिजन तुरंत ले गए अस्पताल

घबराए परिजन तुरंत बच्चे को कमला नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण रातभर उपचार जारी रहा, लेकिन शनिवार सुबह करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कहां से चली गोली पुलिस कर रही तलाश

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद गौतम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना स्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया, लेकिन अभी तक घटना के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आया है। 

जांच के बाद ही आएगी वास्तविकता सामने

पुलिस अब घर में देर रात तक मौजूद रहे लोगों, आसपास के लोगों और संभावित परिस्थितियों की जांच कर रही है। मासूम की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। थाना प्रभारी ने बताया कि यह अभी साफ नहीं है कि मामला दुर्घटना का है, लापरवाही का या किसी आपराधिक साजिश से जुड़ा हुआ है। घर के सभी सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घर में कोई हथियार मौजूद था या गोली बाहर से आई।

झकझोर दिया घटना ने

बच्चे की मौत के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि इब्राहिम शांत स्वभाव का बच्चा था और नियमित रूप से स्कूल जाता था। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

होगी सख्त कार्रवाई

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि किसी भी संभावित लापरवाही या अपराधी की भूमिका सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।